– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
वाणिज्य महाविद्यालय में भारतीय शिक्षण मंडल ने किया ‘व्यास पूजा’ का भव्य आयोजन
पटना, 22 अगस्त: राजधानी स्थित पटना विश्वविद्यालय के वाणिज्य महाविद्यालय में भारतीय शिक्षण मंडल (दक्षिण बिहार प्रांत) द्वारा व्यास पूजा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (उत्तर-पूर्व क्षेत्र) के क्षेत्र कार्यवाह मोहन सिंह उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सुहेली मेहता ने की।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता मोहन सिंह ने युवाओं और शिक्षकों को भारत की समृद्ध गुरु-शिष्य परंपरा से परिचित कराते हुए इसे श्रेष्ठ भारत के निर्माण हेतु अक्षुण्ण रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुरु-शिष्य परंपरा केवल ज्ञानार्जन की प्रक्रिया नहीं, बल्कि संस्कार, चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। पाश्चात्य शिक्षा पद्धति के बढ़ते प्रभाव के बीच भारत को अपनी सांस्कृतिक पहचान और जीवन मूल्यों के साथ बनाए रखने के लिए इस परंपरा को पुनर्जीवित करना समय की मांग है। गुरु के प्रति श्रद्धा और शिष्य की जिज्ञासा का समन्वय ही समाज को सही दिशा देता है।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्या प्रो. सुहेली मेहता ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों के प्रति गौरव व आत्मविश्वास की भावना जागृत होती है। उन्होंने भारतीय शिक्षण मंडल के इस रचनात्मक प्रयास की सराहना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

