– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
जमुई में भव्य ‘सोलर मेला’ आयोजित, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अपनाने की अपील
जमुई, 22 अगस्त: स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को रावणेश्वर हॉल में विद्युत विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में भव्य ‘सोलर मेला’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी एवं अपर समाहर्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

जागरूकता सत्र को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने आम नागरिकों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों से पर्यावरण संरक्षण व ऊर्जा आत्मनिर्भरता के लिए रूफटॉप सोलर सिस्टम अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छत पर सोलर प्लांट लगाना खाली जगह को किराए पर देकर नियमित आय अर्जित करने जैसा है, जिससे बिजली बिल में भारी कमी के साथ अतिरिक्त आय के नए स्रोत बनेंगे। उन्होंने बताया कि जिले में 8,000 के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 650 आवेदन प्राप्त हुए हैं और 300 ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं। मासिक 300 यूनिट से अधिक बिजली खपत वाले करीब 13,339 उपभोक्ताओं के लिए यह योजना बेहद लाभकारी है।
अपर समाहर्ता ने सौर ऊर्जा को अनवरत स्रोत बताते हुए इसे ऊर्जा स्वतंत्रता का प्रभावी माध्यम कहा। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के जरिए आवेदन प्रक्रिया को रोचक ढंग से समझाया गया और पूर्व लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। मौके पर विद्युत विभाग के अधिकारी, कनीय अभियंता, शिक्षक व बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

