– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
भारतीयों के पैरों की बनावट के अनुसार तैयार होगी विशेष साइजिंग प्रणाली, CSIR-CLRI की पहल
पटना, 23 अगस्त: भारत सरकार की स्वदेशी फुटवियर साइजिंग सिस्टम ‘भा’ परियोजना के अंतर्गत पटना स्थित एएनएस कॉलेज के पुस्तकालय सेमिनार हॉल में फुटवियर ट्रायल (जूते के आकार व फिटिंग का परीक्षण) आयोजित किया गया। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य भारतीय आबादी की मानवमितीय (एंथ्रोपोमेट्रिक) विशेषताओं के अनुरूप एक विशेष स्वदेशी फुटवियर साइजिंग प्रणाली विकसित और सत्यापित करना है। यह महत्वाकांक्षी पहल केंद्रीय चमड़ा अनुसंधान संस्थान (CSIR-CLRI) के नेतृत्व में उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा संचालित की जा रही है।
कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत ने किया। उन्होंने इस पहल के राष्ट्रीय महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि एक स्वदेशी भारतीय साइजिंग सिस्टम विकसित होने से देशवासियों को बेहतर फिटिंग और अत्यधिक आरामदायक जूते उपलब्ध हो सकेंगे। इससे न केवल भारतीय फुटवियर उद्योग को मजबूती मिलेगी, बल्कि वैश्विक स्तर पर इसकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
ट्रायल के दौरान महाविद्यालय के शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मियों एवं छात्र-छात्राओं सहित लगभग 50 प्रतिभागियों के पैरों का परीक्षण किया गया। परीक्षण प्रक्रिया में प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत, प्रो. शैलेश कुमार सिंह, डॉ. प्रभा कुमारी, डॉ. निशा कुमारी, डॉ. कविता राज, डॉ. मणि भूषण, डॉ. शालिनी, डॉ. शत्रुधन सहित अन्य ने भाग लिया। पूरे कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. आकांक्षा उपाध्याय द्वारा किया गया।

