-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
महिला सशक्तिकरण और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सीसीएल की अर्पिता महिला मंडल को किया गया सम्मानित
राँची, 08 अक्टूबर 2026 : महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सीसीएल की अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह को प्रतिष्ठित ‘झारखंड आइकॉनिक अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान महाबली एंटरटेनमेंट एवं ईस्ट जोन टैलेंट शो के आयोजक और निर्देशक द्वारा प्रदान किया गया। समाज में बेहतरीन कार्य के लिए इस बार कुल पांच विशिष्ट व्यक्तियों और संस्थाओं को इस पुरस्कार के लिए चुना गया था।
अर्पिता महिला मंडल को यह सम्मान शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और जरूरतमंदों की सहायता के लिए दिए गए उनके महत्वपूर्ण योगदान के चलते मिला है। मंडल द्वारा समाज के उत्थान के लिए कई बड़े कदम उठाए गए हैं, जिनमें जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग, स्कूली बालिकाओं व दैनिक मजदूरी करने वाली महिलाओं को साइकिल वितरण और मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट देना शामिल है। इसके अलावा, गर्मियों में कूलर और छोटे विक्रेताओं को ठेले भी उपलब्ध कराए गए हैं।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मंडल द्वारा सिलाई प्रशिक्षण देकर प्रमाण-पत्र और सिलाई मशीनें वितरित की गई हैं, साथ ही मासिक धर्म स्वच्छता के लिए वेंडिंग मशीनें भी लगवाई गई हैं।
अवॉर्ड मिलने के बाद अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्ष प्रीति सिंह ने कहा कि यह सम्मान मंडल की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि महिलाओं और जरूरतमंद वर्गों के सशक्तिकरण के लिए सेवा कार्य आगे भी पूरी निष्ठा के साथ जारी रहेंगे। इस अवसर पर उपाध्यक्ष रीता मिश्रा, इंदु मिश्रा, रीता तिवारी समेत अर्पिता महिला मंडल की अन्य सदस्य भी उपस्थित रहीं।
