रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर हाजीपुर में दी गई श्रद्धांजलि, मंत्रियों और नेताओं ने किया नमन

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी

पद्म भूषण स्व. रामविलास पासवान की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नेताओं ने कियाद किया याद, भजन कार्यक्रम का हुआ आयोजन

हाजीपुर (वैशाली), 08 अक्टूबर 2026 : वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित वीर चौहरमल नगर के रामविलास स्मृति पार्क में पूर्व केंद्रीय मंत्री और पद्म भूषण से सम्मानित स्व. रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उनकी आदमकद प्रतिमा पर बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री संजय सिंह, कार्यक्रम प्रभारी विभूति पासवान और स्थानीय विधायकों समेत तमाम गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने की।

पुण्यतिथि के इस पावन अवसर पर एक विशेष भजन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों रेनू भारती और सुजीत पासवान ने अपनी मधुर आवाज में एक से बढ़कर एक निर्गुण भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को भक्तिमय और भावविभोर कर दिया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री संजय सिंह ने कहा कि भारतीय राजनीति के अजातशत्रु स्व. रामविलास पासवान ने दशकों तक गरीबों, दलितों और पिछड़े वर्गों की आवाज को बुलंद किया। जनहित के मुद्दों को हमेशा प्राथमिकता देने और जनसेवा की उनकी भावना को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके इसी अद्वितीय योगदान के कारण उन्हें मरणोपरांत 9 नवंबर 2021 को देश के प्रतिष्ठित सम्मान ‘पद्म भूषण’ से नवाजा गया था। कार्यक्रम प्रभारी विभूति पासवान ने कहा कि उनका सामाजिक न्याय और वंचितों के अधिकारों के लिए समर्पित जीवन सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

इस अवसर पर हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह और राजापाकर विधायक महेंद्र राम ने भी उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें शत्-शत् नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि रामविलास पासवान ने हमेशा शोषितों और वंचितों की आवाज को राजनीति के केंद्र में रखा और उनका राजनीतिक जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित था।

कार्यक्रम में किसान प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय महासचिव सुरेंद्र ठाकुर, पूर्व प्रत्याशी जितेंद्र यादव, ई. नौशाद, अवधेश कुमार सिंह, सीमांत मृणाल, सलीम साहिल, कंचन देवी, विकास सिंह, राजकुमार पासवान, हरिहर पासवान, प्रो. संगीता सिंह, संतोष शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और अनुयायी उपस्थित रहे और सभी ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

Verified by MonsterInsights