बिजली अधिकारी बन व्यवसायी से 99 हजार की ठगी

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

बिल कम कराने का झांसा देकर भेजा लिंक, 10 रुपये भुगतान कराने के बाद बैंक खाते से निकाले 99 हजार

गोमिया/आईईएल। आईईएल थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने बिजली विभाग का अधिकारी बनकर एक व्यवसायी को बिजली बिल कम कराने का झांसा दिया। ठग ने पहले लिंक के माध्यम से 10 रुपये का भुगतान कराया और इसके बाद कथित रूप से मोबाइल पर नियंत्रण हासिल कर बैंक खाते से कुल 99 हजार रुपये की निकासी कर ली।

पीड़ित की पहचान गवर्नमेंट कॉलोनी, आईईएल निवासी संत कुमार यादव के रूप में हुई है। वे आईईएल शिव मंदिर के समीप रिचार्ज एवं आइसक्रीम की दुकान चलाते हैं।

बिजली बिल कम कराने का दिया झांसा

संत कुमार यादव के अनुसार, शुक्रवार शाम उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन किया और खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताया। फोन करने वाले ने कहा कि उनके बिजली मीटर में 200 यूनिट से अधिक की रीडिंग आ रही है, जिसके कारण बिजली बिल अधिक हो सकता है।

ठग ने बिल कम कराने की बात कहकर उनसे बातचीत की और मोबाइल पर एक लिंक भेजा। उसके कहने पर संत कुमार यादव ने लिंक के माध्यम से 10 रुपये का भुगतान किया।

फोन पर उलझाए रखा, खाते से निकले 99 हजार

पीड़ित के अनुसार, 10 रुपये का भुगतान कराने के बाद ठग ने मोबाइल पर कुछ और प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा। इस दौरान उसे काफी देर तक फोन पर बातचीत में उलझाए रखा गया। इसी दौरान साइबर अपराधियों ने कथित रूप से उनके मोबाइल पर नियंत्रण हासिल कर लिया।

कुछ देर बाद उनके बैंक खाते से पहले 90 हजार रुपये और फिर 9 हजार रुपये की निकासी हो गई। खाते से कुल 99 हजार रुपये निकलने की जानकारी मिलने के बाद उन्हें साइबर ठगी का पता चला।

बिजली कनेक्शन के नाम पर ठगी से रहें सावधान

बिजली बिल, मीटर रीडिंग, कनेक्शन कटने या बिल सुधार के नाम पर साइबर ठगी के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे मामलों में अनजान व्यक्ति के कहने पर किसी लिंक पर क्लिक करने, भुगतान करने अथवा मोबाइल पर कोई संदिग्ध प्रक्रिया पूरी करने से बचने की जरूरत है। किसी भी संदेह की स्थिति में बिजली विभाग के अधिकृत माध्यम से ही जानकारी की पुष्टि करनी चाहिए।