न्यायालय कार्यों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर करें वादों का निष्पादन: न्यायमूर्ति आलोक कुमार

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

पटना उच्च न्यायालय के निरीक्षी न्यायमूर्ति का खगड़िया दौरा, आवासीय भवन का शिलान्यास व सितारा स्कीम के तहत बासगीत पर्चा वितरण

खगड़िया, 23 अगस्त: पटना उच्च न्यायालय के निरीक्षी न्यायमूर्ति आलोक कुमार न्यायमंडल खगड़िया के दो दिवसीय निरीक्षण दौरे पर पहुँचे। परिसदन में गार्ड ऑफ ऑनर के बाद अपर समाहर्ता एवं पुलिस अधीक्षक ने उनका स्वागत किया। न्यायमूर्ति ने अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय गोगरी पहुँचकर कर्मचारी आवासीय भवन का शिलान्यास किया और परिसर में पौधारोपण किया। गोगरी में एसीजेएम गौतम कुमार एवं अनुमंडलीय विधिज्ञ संघ द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

इसके पश्चात व्यवहार न्यायालय खगड़िया पहुँचने पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश कुमार बच्चन तथा न्यायिक पदाधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया। न्यायमूर्ति ने व्यवहार न्यायालय परिसर में नवनिर्मित एसबीआई एटीएम व कैंटीन का उद्घाटन किया और चंदन का पौधा लगाया। न्यायालय कक्षों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायिक अधिकारियों को वादों के निष्पादन में मानवीय दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए।

दौरे के क्रम में न्यायमूर्ति ने पर्यवेक्षण गृह और मंडल कारा का भी सघन निरीक्षण किया। उन्होंने कारा प्रशासन को बंदियों और आवासित बच्चों के बेहतर खान-पान, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा। संध्या समय जिला स्तरीय मॉनिटरिंग व सिक्योरिटी ऑडिट कमेटी की बैठक संपन्न हुई। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ‘सितारा स्कीम’ के अंतर्गत दो किन्नरों—लाली किन्नर एवं मंजू किन्नर को बासगीत पर्चा प्रदान किया गया और अधिकारियों को त्वरित म्यूटेशन कराने का आदेश दिया गया। रात्रि में सभी न्यायिक पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।