– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
दस्तावेज सत्यापन के लिए पटना के चक्कर लगाने से मिली मुक्ति, डीएम ने किया उद्घाटन
सिवान, 23 अगस्त: क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) पटना और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में सिवान सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में तीन दिवसीय विशेष मोबाइल पासपोर्ट कैंप (23 से 25 अगस्त 2026) का शुभारंभ किया गया। इस शिविर का औपचारिक उद्घाटन जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने किया।
जिले के नागरिकों, युवाओं और विदेशों में रोजगार व शिक्षा के इच्छुक लोगों को त्वरित सेवा देने के उद्देश्य से यह मोबाइल वैन सदर प्रखंड परिसर में तैनात की गई है। शिविर के माध्यम से प्रतिदिन 55 आवेदकों के दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) किया जाएगा, जिससे तीन दिनों में कुल 165 अतिरिक्त स्लॉट उपलब्ध होंगे। अब तक डाकघर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) पर सीमित स्लॉट के कारण लोगों को लंबी प्रतीक्षा सूची और पटना के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे अब बड़ी राहत मिलेगी।
प्रशासन ने उन सभी आवेदकों से अपील की है जिन्होंने 23, 24 और 25 अगस्त के लिए स्लॉट बुक कराए हैं, वे अपने निर्धारित समय पर सभी मूल दस्तावेजों के साथ मोबाइल वैन पर पहुँचकर सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराएं।

