मिलाद उल नबी को लेकर शांति समिति की बैठक

Live ख़बर

संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर प्रशासन ने साझा की रूटलाइन, ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था

बोकारो/माराफारी, 23 अगस्त, 2026। आगामी मिलाद उल नबी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और प्रशासनिक गाइडलाइन के अनुरूप मनाने को लेकर माराफारी थाना परिसर में संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में बालीडीह और माराफारी थाना प्रभारी के साथ दोनों थाना क्षेत्रों के शांति समिति के सदस्य एवं समाज के अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।

बैठक के दौरान आगामी पर्व के आयोजन को लेकर शांति समिति के सदस्यों से सुझाव लिए गए। प्रशासन की ओर से पर्व को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी देते हुए निर्धारित रूटलाइन, ट्रैफिक व्यवस्था और पार्किंग से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की गई।

संवेदनशील स्थानों और सोशल मीडिया पर निगरानी

डीएसपी मुख्यालय, बोकारो ने संवेदनशील स्थानों के साथ सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही प्रत्येक जुलूस में वॉलंटियर नियुक्त करने तथा किसी भी तरह की अफवाह से बचने और अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया।

बैठक में डीजे बजाने को लेकर माननीय सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन करने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही सभी से नशामुक्त जुलूस निकालने की शपथ दिलाई गई।

शांति और सौहार्द बनाए रखने पर सहमति

शांति समिति की बैठक में शामिल सभी सदस्यों ने प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर मिलाद उल नबी का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर सहमति जताई। प्रशासन की ओर से भी पर्व के दौरान आवश्यक सहयोग और व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई।