मोहन कुमारमंगलम स्टेडियम स्टेडियम के ट्रैक व मैदान की बदहाली पर खिलाड़ियों में रोष

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

50 साल में पहली बार ऐसी दुर्दशा का आरोप, बीएसएल के निदेशक प्रभारी से कार्रवाई व मरम्मत की मांग

बोकारो, 23 अगस्त: राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई पदक विजेता देने वाले ऐतिहासिक मोहन कुमारमंगलम (एमकेएम) स्टेडियम के ट्रैक और फुटबॉल मैदान की जर्जर स्थिति को लेकर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में गहरा आक्रोश है। खिलाड़ी संघ ने स्टेडियम को हुए नुकसान पर कड़ा एतराज जताते हुए बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के निदेशक प्रभारी को एक संयुक्त मांग पत्र सौंपा है। पत्र में मैदान को नुकसान पहुँचाने वाले आयोजकों पर कार्रवाई करने तथा ग्राउंड का अविलंब समतलीकरण व मरम्मत कराने की मांग की गई है।

खिलाड़ी संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि 21 नवंबर 1975 को उद्घाटन के बाद से इस स्टेडियम ने देश को कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स और ओलंपिक स्तर के कई दिग्गज खिलाड़ी दिए हैं। यह मैदान मूल रूप से एथलेटिक्स और फुटबॉल के लिए तैयार किया गया है, जिसके लिए पूरी तरह समतल धरातल जरूरी होता है। खिलाड़ियों का आरोप है कि हालिया गैर-अनुकूल आयोजनों के कारण रनिंग ट्रैक और ग्राउंड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे अभ्यास के दौरान खिलाड़ियों को गंभीर चोट लगने का खतरा बढ़ गया है।

खिलाड़ियों ने कहा कि 50 वर्षों के इतिहास में मैदान की ऐसी दुर्दशा पहले कभी नहीं देखी गई। संघ ने बीएसएल प्रबंधन से मांग की है कि आयोजन करने वाली संबंधित संस्था से ही स्टेडियम का पुनर्निर्माण व जीर्णोद्धार कराया जाए तथा भविष्य में ऐसी संस्थाओं को मैदान आवंटित न किया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में अनिल कुमार, श्रीराम पाण्डेय, चन्द्रभूषण शुक्ला, जितेन्द्र सिंह, विवेक कुमार, प्रकाश कुमार साहू सहित कई खिलाड़ी शामिल रहे।