24 घंटे मिलेंगे शिक्षक: ‘बिहार विद्या साथी’ से 3 लाख बच्चों को मिलेगी 1:1 सहायता

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

बिहार के 38 जिलों के 700 मॉडल विद्यालयों के करीब 3 लाख विद्यार्थियों को अब पढ़ाई के दौरान किसी भी समय शिक्षक की मदद मिलेगी। “बिहार विद्या साथी” प्लेटफॉर्म पर 75 हजार शिक्षक विद्यार्थियों को वन-टू-वन 24×7 डिजिटल शैक्षणिक सहायता प्रदान करेंगे।

पटना, 25 अगस्त: उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित “संकल्प” सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में इस 1:1 इंटरैक्टिव लर्निंग प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया।

इस नई डिजिटल व्यवस्था के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को 24 घंटे निःशुल्क लाइव शिक्षक सहायता मिलेगी। विद्यार्थी अपनी पसंद के शिक्षक का चयन कर व्यक्तिगत रूप से संवाद स्थापित कर सकेंगे, जिससे उन्हें पढ़ाई के दौरान आने वाली हर समस्या का तुरंत समाधान मिल सकेगा।

बिहार बोर्ड परीक्षा के साथ-साथ इस व्यवस्था से JEE और NEET की तैयारी करने वाले विज्ञान वर्ग के छात्रों को भी विशेष डिजिटल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसके समानांतर 155 चयनित मॉडल प्लस-टू विद्यालयों में मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था की गई है।

प्लेटफॉर्म में modern AI टूल्स का इस्तेमाल छात्रों की कॉन्सेप्ट लर्निंग को मजबूत करने के लिए किया गया है। कार्यक्रम के दौरान राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्राओं जाहन्वी और जिया ने ऐप के लाइव उपयोग का डेमो प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights