मनेर और नौबतपुर से महिला सहित चार मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी, गांजा और स्मैक की खेप के साथ नकदी व मोबाइल बरामद

पटना, 25 अगस्त: पटना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत मनेर और नौबतपुर थाना क्षेत्रों से एक महिला सहित कुल चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देश पर की गई कार्रवाई के तहत मनेर थाना पुलिस ने 24 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर महिनावां गांव में छापेमारी की। पुलिस ने गांजा बेचते हुए उमेश कुमार और पंकज कुमार को रंगे हाथ दबोच लिया। इनके पास से 280 ग्राम गांजा, 18 पीस गोगो, मिट्टी की चिलम, दो मोबाइल फोन और ₹653 नकद बरामद किए गए।

दूसरी कार्रवाई में नौबतपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नौबतपुर बाजार और तरेत पाली नहर मोड़ के पास छापेमारी की। यहां से पुलिस ने गांजा और स्मैक का अवैध कारोबार करने के आरोप में वैशाली जिला निवासी यश सिंह और एक महिला को गिरफ्तार किया। इनके पास से करीब 24 ग्राम वजनी स्मैक की 49 पुड़िया और करीब 500 ग्राम वजनी गांजे की 96 पुड़िया बरामद की गईं।

इस संयुक्त अभियान दल में नौबतपुर थानाध्यक्ष मंजीत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार, मनेर थाने के पुलिस अवर निरीक्षक अफसर अली, रितेश कुमार रंजन, सुनिता कुमारी तथा दोनों थानों के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Verified by MonsterInsights