नाले में गिरकर मजदूर की मौत, 10 घंटे हंगामा

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

45 लाख मुआवजा, पेंशन और दो आश्रितों के नियोजन के समझौते के बाद खुला ईएसएल का मुख्य गेट

बोकारो : 31 अगस्त 2026 | इलेक्ट्रोस्टील वेदांता (ईएसएल) प्लांट में कार्यरत भागाबांध निवासी 47 वर्षीय हराधन महथा की खुले नाले में गिरने से मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने कंपनी के मुख्य गेट पर करीब 10 घंटे तक प्रदर्शन किया। मृतक के आश्रितों को मुआवजा और नौकरी देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने गेट जाम कर दिया। प्रशासन, कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता में लिखित समझौता होने के बाद आंदोलन समाप्त हुआ।

जानकारी के अनुसार रविवार रात ड्यूटी के दौरान अथवा आवागमन के समय हराधन महथा खुले नाले में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण कंपनी के मुख्य गेट पर पहुंच गए। उन्होंने मुआवजा, आश्रितों के नियोजन और हादसे की जिम्मेदारी तय करने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची सियालजोरी थाना पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे मांगों पर डटे रहे।

45 लाख रुपये की आर्थिक सहायता पर सहमति

प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद कंपनी प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बीच उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें लिखित समझौते के अनुसार ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस, पर्सनल एक्सीडेंटल क्लेम, पीएफ और ईएसआई को मिलाकर मृतक के आश्रितों को कुल 45 लाख रुपये देने पर सहमति बनी।

समझौते में मृतक की पत्नी मीना देवी को पति के अंतिम वेतन के बराबर मासिक क्षतिपूर्ति देने का भी प्रावधान किया गया है। यह भुगतान 31 जनवरी 2039 तक या पुत्र विक्रम कुमार महथा को पीढ़ी दर पीढ़ी नियोजन योजना के तहत रोजगार मिलने तक, जो भी पहले हो, जारी रहेगा।

पुत्र और पुत्री को नियोजन का आश्वासन

समझौते के तहत मृतक के पुत्र विक्रम कुमार महथा को संबंधित योजना के तहत कंपनी में रोजगार देने पर सहमति बनी है। वहीं पुत्री भवानी कुमारी को अनुकंपा के आधार पर नियोजन दिया जाएगा। समझौते के अनुसार नियमों के तहत भवानी का नियोजन भविष्य में उनके पति को हस्तांतरित किया जा सकेगा।

लिखित समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया और कंपनी का मुख्य गेट खोल दिया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

घटना पर कंपनी प्रबंधन ने दुख जताते हुए मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

Verified by MonsterInsights