तुपकाडीह में जन्माष्टमी उत्सव की तैयारी तेज

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

4 सितंबर से शुरू होगा दस दिवसीय मेला, विद्युतचालित रासलीला रहेगी आकर्षण का केंद्र

तुपकाडीह (बोकारो), 1 सितंबर 2026: तुपकाडीह स्टेशन रोड स्थित दुर्गाधाम के समीप 4 सितंबर से आयोजित होने वाले श्री कृष्ण जन्माष्टमी पूजा उत्सव और दस दिवसीय मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। जय हिंद कला मंच के सदस्य आयोजन को भव्य रूप देने में जुटे हैं।

मंच के अध्यक्ष राजू महतो ने बताया कि रेलवे स्टेशन के पास मैदान में भव्य पूजा पंडाल और मेले का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उत्सव के दूसरे दिन, यानी 5 सितंबर की शाम से पंडाल में विद्युतचालित (इलेक्ट्रिक) झांकियों के जरिए भगवान श्री कृष्ण की अद्भुत रासलीला प्रदर्शित की जाएगी।

इन सजीव झांकियों में कंस के कारागार में कृष्ण जन्म, वासुदेव द्वारा यमुना पार करना, माखन चोरी, कंस वध तथा राधा-कृष्ण की रासलीला के प्रसंग मुख्य रूप से दिखाए जाएंगे। तुपकाडीह में वर्ष 1983 से चली आ रही इस पारंपरिक पूजा व मेले को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।