– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
हिंदी सरल और सर्वव्यापी, दैनिक कार्यों में अधिक से अधिक करें प्रयोग: रामकुमार अनुभवी
चंद्रपुरा (बोकारो), 1 सितंबर 2026: दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) चंद्रपुरा ताप विद्युत केंद्र के प्रबंधन एवं राजभाषा कार्यान्वयन उप समिति द्वारा हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में हिंदी पखवाड़ा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कर्मचारियों के बीच हिंदी आशु भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान राम कुमार अनुभवी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य महाप्रबंधक राम कुमार अनुभवी ने कहा कि हिंदी अत्यंत सरल, उपयोगी और सर्वव्यापी भाषा है। उन्होंने सभी कर्मियों से अपने दैनिक कार्यालयी कार्यों में हिंदी का अधिकतम प्रयोग करने का आह्वान किया। वहीं, वरिष्ठ महाप्रबंधक (परिचालन एवं अनुरक्षण) राजेश कुमार ने प्रशासनिक और तकनीकी कार्यों में राजभाषा के समुचित उपयोग पर बल देते हुए कहा कि हिंदी दुनिया को एक सूत्र में पिरोने में सक्षम है। उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन व प्रशासन) नीरज सिन्हा ने भी कर्मियों को तत्परता से हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन अनिमेष गिरी ने किया, जबकि प्रतियोगिता की निर्णायक मंडली में रंजीत कुमार निराला, प्रदीप कुमार श्रीवास्तव और पूनम कुमारी शामिल रहीं। इस दौरान राजकुमार चौधरी, संजीव कुमार, राजीव रंजन, लक्ष्मी नारायण साहू, डॉ. पी. के. घोष, मीरा कुमारी, सुनीता कुमारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
