-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
पूजा पंडालों में वॉलंटियर, फर्स्ट एड किट और फायर सेफ्टी अनिवार्य; विसर्जन रूट और समय का कड़ाई से पालन करने का निर्देश
बोकारो, 06 अक्टूबर: आगामी दशहरा एवं दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बालीडीह थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में दुर्गा पूजा पंडाल समितियों के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य और दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों व पूजा समितियों द्वारा दिए गए सुझावों और अपेक्षाओं को प्रशासन ने गंभीरता से सुना और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में बालीडीह थाना प्रभारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, कतार प्रबंधन (क्यू मैनेजमेंट), फर्स्ट एड किट और अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। भीड़ नियंत्रण के लिए समिति अपने स्तर से पर्याप्त वॉलंटियर तैनात करे। पंडालों में बिजली वायरिंग और आग के संभावित खतरों को देखते हुए नायलॉन रस्सी या प्लास्टिक के उपयोग से बचने की सख्त हिदायत दी गई। अत्यधिक भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों से सतत निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ने कहा कि शांतिपूर्ण दुर्गा पूजा का आयोजन पुलिस, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम जनता की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि सभी प्रमुख पूजा पंडालों में पर्याप्त संख्या में महिला व पुरुष पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की जा रही है। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और त्योहार के दौरान शहर की यातायात व पार्किंग व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) ने विसर्जन की तिथि और निर्धारित समय-सारिणी की एकरूपता का पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने पूजा कमेटियों को पंडालों और विसर्जन के दौरान महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा व सुविधा का विशेष ख्याल रखने का निर्देश दिया।
