23 पंचायतें, 144 गांव और 1.54 लाख आबादी: तमाड़ को दो हिस्सों में बांटकर नए प्रखंड के गठन की मांग

Live ख़बर

 -लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

पांच परगना फाइटर्स ने उठाई तमाड़ के पुनर्गठन की मांग, ललित महतो बोले-दूर प्रखंड कार्यालय से ग्रामीण परेशान

तमाड़ (रांची), 06 अक्टूबर: विशाल क्षेत्रफल और सघन आबादी वाले तमाड़ प्रखंड को दो हिस्सों में विभाजित कर नया प्रखंड सृजित करने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। पांच परगना फाइटर्स के केंद्रीय अध्यक्ष ललित कुमार महतो ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि प्रशासनिक और भौगोलिक सर्वेक्षण कराकर तमाड़ के पुनर्गठन की प्रक्रिया अविलंब शुरू की जाए।

ललित महतो ने कहा कि 613 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्रफल में फैले तमाड़ में 23 पंचायतें और 144 गांव आते हैं, जिनकी कुल आबादी 1.54 लाख से भी अधिक है। इतने विस्तृत भूभाग और विशाल जनसंख्या के बावजूद पूरा इलाका सिर्फ एक ही प्रखंड कार्यालय पर निर्भर है, जिसका सीधा असर आम जनता को मिलने वाली बुनियादी प्रशासनिक सेवाओं पर पड़ रहा है। जाति, आय, आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने, दाखिल-खारिज, पेंशन स्वीकृति और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए सुदूर ग्रामीण इलाकों से लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों के लिए यह सफर मानसिक और आर्थिक रूप से भारी पड़ता है, खासकर तब जब किसी कागजात की कमी या अधिकारी के न मिलने पर उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं।

बुंडू प्रखंड का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि बुंडू में महज 11 पंचायतें और 88 गांव हैं और नगर पंचायत सहित आबादी करीब 83 हजार है, जबकि तमाड़ उससे दोगुने से भी बड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक कार्यालय जनता के जितने समीप होंगे, विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच उतनी ही सुगम होगी। पांच परगना फाइटर्स ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले में आवश्यक औपचारिक प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा जाए, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक समय और धन की बर्बादी से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights