-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
विशेष अभियान 6.0 के तहत ई-वेस्ट निस्तारण की पहल, गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर में लगा संग्रहण केंद्र
रांची, 06 अक्टूबर: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय स्थित गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर के प्रांगण में विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत ‘ई-कचरा प्रबंधन: प्रभावी संग्रहण, पृथक्करण एवं निस्तारण’ अभियान का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने ई-वेस्ट संग्रहण केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक कचरा निस्तारित कर अभियान की शुरुआत की।
कार्यक्रम में निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, महाप्रबंधक और बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए। शीर्ष अधिकारियों ने स्वयं ई-कचरा जमा कर इस पहल में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
समारोह के दौरान सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस एवं पब्लिक रिलेशंस विभाग द्वारा तैयार की गई विशेष परिकल्पना ‘सीसीएल के ताऊ’ के एआई (AI) अवतार का अनावरण किया। ‘सीसीएल के ताऊ’ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वीडियो के जरिए कंपनी की महत्वपूर्ण योजनाओं, पहलों और गतिविधियों की जानकारी आम लोगों और कर्मचारियों तक सरल अंदाज में पहुंचाते हैं। आयोजन स्थल पर ई-कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के प्रति जागरूकता के साथ-साथ एक विशेष सेल्फी स्टैंड भी लगाया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। सीसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि विशेष अभियान 6.0 के जरिए स्वच्छ, स्वस्थ और सतत कार्यस्थल के निर्माण के प्रति कंपनी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
