स्वामी विवेकानंद अटल स्मृति पार्क में चोरी, जनरेटर के पार्ट्स गायब

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

गार्ड और जनरेटर रूम का ताला तोड़कर घुसे बेखौफ चोर, पुलिस गश्त न होने से लोगों में आक्रोश

चंदनकियारी (बोकारो), 1 सितंबर 2026: चंदनकियारी थाना क्षेत्र स्थित वन विभाग के स्वामी विवेकानंद अटल स्मृति पार्क में सोमवार रात बेखौफ चोरों ने धावा बोलकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने पार्क के गार्ड रूम और जनरेटर रूम का ताला तोड़कर जनरेटर की बैटरियां और कई महत्वपूर्ण नट-बोल्ट गायब कर दिए।

घटना के संबंध में प्रभारी वनपाल धीरज कुमार के लिखित आवेदन पर मंगलवार को चंदनकियारी थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवेदन के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे जब रात्रि प्रहरी कृतिवास महतो ड्यूटी पर पहुंचे, तो उन्होंने कमरों के ताले टूटे और सामान बिखरा देखा। आशंका जताई जा रही है कि चोर पूरा जनरेटर ले जाने की फिराक में उसके कलपुर्जे खोल रहे थे।

एक सप्ताह पूर्व सीमेंट एजेंसी में हुई लाखों की चोरी के बाद इस नई वारदात से स्थानीय लोगों और पार्क कर्मियों में गहरा आक्रोश है। कर्मियों का आरोप है कि पार्क के पास देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, लेकिन शिकायत के बाद भी पुलिस गश्त नहीं करती। क्षेत्रवासियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।