कोनार नदी उफान पर, जर्जर लोहा पुल पर मंडराया खतरा

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

दो दिनों की मूसलाधार बारिश से बढ़ा जलस्तर, पुल छूकर बह रहा पानी, आवागमन ठप होने की आशंका

बोकारो थर्मल, 1 सितंबर 2026: बोकारो थर्मल और आसपास के क्षेत्रों में बीते दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कोनार नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। बढ़ते जलस्तर के चलते बोकारो थर्मल छठ घाट स्थित लोहे के पुल को स्पर्श कर पानी बह रहा है। यदि बारिश का सिलसिला यूं ही जारी रहा, तो पानी पुल के ऊपर से बहने लगेगा, जिससे इस मार्ग पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद हो सकता है।

यह पुल पहले से ही काफी जर्जर हालत में है और इसकी सतह पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ माह पूर्व सीसीएल प्रबंधन ने गोविंदपुर परियोजना कांटा घर से छिल्का पुल तक पीसीसी सड़क का निर्माण तो कराया, लेकिन इस क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत नहीं कराई गई। पुल के दूसरे छोर का किनारा अत्यधिक कमजोर हो चुका है, जो तेज धार में कभी भी ढह सकता है। स्थानीय लोगों ने किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन से त्वरित सुरक्षात्मक कदम उठाने की मांग की है।