– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
सरकारी योजनाओं और सेवाओं को पंचायत स्तर पर सुलभ बनाने के लिए जुटी प्रशासनिक टीम
पटना/अथमलगोला, 02 सितंबर 2026: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत अथमलगोला प्रखंड की कल्याणपुर पंचायत स्थित मध्य विद्यालय चकसरवर (पतिसर) में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख रीना देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार और मुखिया अरविंद कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर में स्थानीय विधायक ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता के सरकारी कार्यों को पूरी पारदर्शिता और सरलता के साथ नियमानुसार पूरा कराना है। सरकार द्वारा पंचायतों में सीधे शिविर लगाए जाने से ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर काटने से मुक्ति मिल रही है। प्रखंड प्रमुख रीना देवी ने बताया कि इस व्यवस्था से ग्रामीणों को गांव में ही त्वरित प्रशासनिक सहयोग मिल रहा है।
त्वरित समाधान और आवेदन पंजीकरण
प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि एक ही छत के नीचे अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से जनसमस्याओं का त्वरित निपटारा संभव हो रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि शिविर के दौरान प्राप्त मामलों में से एक का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि अन्य आवेदनों को नियमानुकूल समयबद्ध निष्पादन के लिए पंजीकृत कर लिया गया है।
शिविर में कार्यक्रम पदाधिकारी तुषार कांत चंदा, सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमन, प्रखंड परियोजना प्रबंधक (जीविका) स्वाति श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
