माटी के नायकों को नमन: बोकारो में 1,298 झारखंड आंदोलनकारियों का होगा भव्य सम्मान

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

जिनके संघर्ष से राज्य बना उनका सम्मान गौरव की बात: उपायुक्त अजय नाथ झा

बोकारो, 04 सितंबर 2026: जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा पृथक राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों और जवानी की बाजी लगाने वाले माटी के सपूतों को बोकारो जिला प्रशासन शनिवार को नमन करने जा रहा है। झारखंड गठन के ऐतिहासिक संघर्ष को अपनी आवाज, अदम्य साहस और अटूट समर्पण से सींचने वाले आंदोलनकारियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा भव्य एवं ऐतिहासिक ‘झारखंड आंदोलनकारी सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जा रहा है। यह गरिमामय कार्यक्रम कैंप टू स्थित शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में पूर्वाह्न 10:00 बजे से आयोजित होगा। उपायुक्त अजय नाथ झा की संवेदनशील पहल पर आयोजित इस समारोह में जिले के कोने-कोने से चिन्हित 1,298 आंदोलनकारियों को आदरपूर्वक सम्मानित किया जाएगा।

प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार, पेटरवार प्रखंड से सर्वाधिक 291 आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके उपरांत क्रमशः चास से 266, कसमार से 211, जरीडीह से 194, गोमिया से 146, चंद्रपुरा से 91, नावाडीह से 55, चंदनकियारी से 26 तथा बेरमो से 18 आंदोलनकारियों को सम्मान प्राप्त होगा। इस ऐतिहासिक आयोजन को सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं तथा वरीय पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं, जिससे राज्य निर्माण के इन नायकों का स्वागत पूरे मान-सम्मान और गरिमा के साथ सुनिश्चित किया जा सके।

समारोह को लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों का सम्मान कोई महज औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह उस अमर संघर्ष, अप्रतिम त्याग और अटूट संकल्प के आगे शीश नवाने का अवसर है जिसने इस राज्य को अस्तित्व में लाया। जिनके संघर्षों से अलग झारखंड का सपना साकार हुआ, उनका सम्मान करना पूरे बोकारो जिले के लिए अपार गौरव का विषय है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि यह क्षण नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और राज्य निर्माण की संघर्ष गाथा से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगा।

Verified by MonsterInsights