– राजेश मोहन सहाय की रिपोर्ट
टाईब्रेकर में रोमांचक जीत दर्ज कर नव युवक संघ कंजिया ने बनाई अंतिम आठ में जगह
रांची, 3 सितंबर 2026: मांडर प्रखंड के बुढ़ाखुखरा स्थित खेल मैदान में शहीद एतवा उरांव स्मारक न्यास के तत्वावधान में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के तीसरे दिन कई बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले खेले गए। दिन की शुरुआत बंझिला पंचायत समिति सदस्य जमील आलम और नसीम खान द्वारा की गई।
पहले मैच में नव युवक संघ कंजिया ने कड़े मुकाबले के बाद टाईब्रेकर में सरना नव युवक संघ गुड़गुड़जाड़ी को 6-5 से हराया। दूसरे मुकाबले का फैसला भी टाईब्रेकर से हुआ, जिसमें जेएच-01 अक्षय स्पोर्टिंग तिगरा ने यूनाइटेड एफसी बिजुरिया पंचायत को 4-3 से मात देकर अगले दौर में जगह बनाई। तीसरे मुकाबले में वसीम 11 ने शानदार खेल दिखाते हुए अमित ब्रदर्स हेसमी को 2-0 से शिकस्त दी। चौथे मैच में सुपर किंग लोयो ने युवा विकास क्लब बुढ़ाखुखरा को 1-0 से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।

दूसरे चक्र के मुकाबले में नव युवक संघ कंजिया और जेएच-01 स्पोर्टिंग आमने-सामने थीं। निर्धारित समय तक बराबरी के बाद टाईब्रेकर में कंजिया ने 3-1 से शानदार जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल का टिकट पक्का किया। इससे पहले संत जेवियर कॉलेज मांडर, जय मसीह लोयो, एनएफसी पोखरटोली और एसके ब्रदर्स की टीमें पहले ही अंतिम आठ में जगह बना चुकी हैं।
