-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
विश्व बंधुत्व दिवस पर पद्मश्री निवेदिता रघुनाथ भिड़े ने शिकागो व्याख्यान और भारतीय संस्कृति पर रखा प्रेरक विचार
पटना, 21 सितंबर: राजधानी पटना स्थित ए.एन. कॉलेज के सत्येंद्र नारायण सिन्हा सभागार में विश्व बंधुत्व दिवस के उपलक्ष्य में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन किया गया। यह विशेष कार्यक्रम विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी (पटना शाखा) एवं ए.एन. कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए वर्तमान परिप्रेक्ष्य में स्वामी विवेकानंद के विचारों की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि स्वामी जी के आदर्श युवाओं के चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण के लिए सदैव प्रेरक स्रोत रहेंगे।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता विवेकानंद केंद्र की अखिल भारतीय अध्यक्ष पद्मश्री निवेदिता रघुनाथ भिड़े ने 11 सितंबर 1893 को शिकागो धर्म संसद में दिए गए ऐतिहासिक व्याख्यान और स्वामी विवेकानंद के संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार विपरीत परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद स्वामी जी ने भारतीय संस्कृति और सनातन चिंतन को वैश्विक पटल पर गौरव दिलाया।
मंच पर नगर संरक्षक डॉ. निर्मल श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस आयोजन को सफल बनाने में एनएसएस (NSS) इकाई का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षकेतर कर्मचारी और सैकड़ों विद्यार्थी मौजूद रहे।
