अंतरराष्ट्रीय पत्रकारों के दल ने किए बाबा पातालेश्वर नाथ के दर्शन, न्यास समिति ने किया सम्मान

Live ख़बर

-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

सार्क जर्नलिस्ट फोरम के 15 सदस्यीय दल ने जाना ऐतिहासिक महत्व, भारत-नेपाल मैत्री पर चर्चा

हाजीपुर (वैशाली), 21 सितंबर: वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक बाबा पातालेश्वर नाथ मंदिर में अंतरराष्ट्रीय पत्रकारों के 15 सदस्यीय दल ने पूजा-अर्चना कर मंदिर परिसर का अवलोकन किया। अंतरराष्ट्रीय सार्क जर्नलिस्ट फोरम के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष राजू लामा (नेपाल) के नेतृत्व में पहुंचे दल का मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान आगत अतिथियों को अंगवस्त्र, पुष्प, पुस्तक और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के संयोजक एवं सार्क जर्नलिस्ट फोरम इंडिया चैप्टर (बिहार) के अध्यक्ष डॉ. शशि भूषण कुमार को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

हाजीपुर नगर परिषद की सभापति डॉ. संगीता कुमारी ने नेपाल से आए वरिष्ठ पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए भारत-नेपाल के सांस्कृतिक व धार्मिक संबंधों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की साझा संस्कृति, धार्मिक आस्था और सद्भाव के रिश्ते सदियों से अटूट हैं।

मंदिर न्यास समिति के सचिव अनिल चंद्र कुशवाहा ने प्रतिनिधिमंडल को मंदिर के ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और पुरातात्विक महत्व की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पत्रकारों को पूरे परिसर का भ्रमण कराकर स्थानीय परंपराओं से रूबरू कराया। अंतरराष्ट्रीय पत्रकारों ने भी पत्रकारिता के माध्यम से देशों के बीच सांस्कृतिक संवाद, मैत्री और सद्भाव को मजबूत करने पर बल दिया। इस आयोजन को हाजीपुर की समृद्ध धार्मिक विरासत को वैश्विक पटल पर पहचान दिलाने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Verified by MonsterInsights