हाईकोर्ट जस्टिस राजकुमार का पहला जमुई दौरा, कई योजनाओं का किया शिलान्यास

Live ख़बर

-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

न्यायिक पदाधिकारियों के नए आवास की रखी नींव, संतरी कक्ष का उद्घाटन और फायर फाइटिंग सिस्टम का शिलान्यास

जमुई, 21 सितंबर: पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति और जमुई जजशिप के निरीक्षी न्यायाधीश राजकुमार शनिवार देर शाम अपने प्रथम आधिकारिक दौरे पर जमुई पहुंचे। सर्किट हाउस आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जहां जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उनका स्वागत किया। सलामी के उपरांत न्यायमूर्ति ने स्थानीय प्रशासनिक व न्यायिक अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रमों में भाग लिया।

भ्रमण के क्रम में न्यायमूर्ति राजकुमार सबसे पहले पुराने जेल परिसर पहुंचे। वहां उन्होंने न्यायिक पदाधिकारियों के लिए प्रस्तावित नए आवासीय परिसर के निर्माण हेतु वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर आधारशिला रखी। इसके बाद उन्होंने व्यवहार न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया। न्यायमूर्ति ने कोर्ट परिसर के पूर्वी छोर (गेट संख्या-01) पर सुरक्षा कर्मियों के लिए नवनिर्मित संतरी कक्ष का उद्घाटन किया। साथ ही पश्चिमी परिसर में स्थापित होने वाले आधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम का विधि-विधान से पूजन व नारियल फोड़कर शिलान्यास किया।

जून 2026 में पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश और जमुई के निरीक्षी न्यायाधीश का पदभार ग्रहण करने के बाद न्यायमूर्ति का यह पहला दौरा रहा। कार्यक्रमों के समापन के बाद उन्होंने व्यवहार न्यायालय के सभागार में न्यायिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप कुमार सिंह, जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष सीताराम सिंह, महासचिव अमित कुमार सहित सभी न्यायिक पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

Verified by MonsterInsights