-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
पैतृक घर आने पर सियासी हलचल तेज, समर्थकों ने किया भव्य स्वागत; क्षेत्र में विकास की जगी उम्मीद
बख्तियारपुर, 22 सितंबर: पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार सोमवार को बख्तियारपुर स्थित अपने पैतृक आवास पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने सर्वप्रथम कुलदेवी मां परमेश्वरी देवी के ध्वज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। आवास पर करीब एक घंटे व्यतीत करने के बाद जैसे ही वे पटना लौटने के लिए निकले, बाहर भारी संख्या में जुटे समर्थकों व स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन स्वीकार किया और फिर पटना के लिए रवाना हो गए।
उनके पैतृक आवास आगमन को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं और कयासों का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जब भी उनका बख्तियारपुर आगमन होता है, तो राज्य की सियासत में किसी बड़े बदलाव या नए सियासी समीकरण की सुगबुगाहट तेज हो जाती है। उनके आगमन से स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया।
बख्तियारपुर नगर परिषद के सभापति पवन कुमार ने उनके आगमन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है और नगर के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जगी है। वहीं, उप सभापति प्रतिनिधि राजकुमार राजू और ‘छोटे सरकार’ सहित कई स्थानीय प्रतिनिधियों ने कहा कि इस दौरे से क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं में तेजी आएगी और लंबित जनहित कार्य जल्द पूरे होंगे।
