गांधी जयंती पर पटना की 304 पंचायतों में विशेष ग्राम सभा, ‘सबकी योजना सबका विकास’ के तहत बना रोडमैप

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी

‘जन योजना अभियान 2026-27’ के तहत ग्रामीणों ने तय की प्राथमिकताएं, ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर दर्ज होंगे सभी प्रस्ताव

पटना, 03 अक्टूबर 2026 : महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर पटना जिले के सभी 23 प्रखंडों की 304 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। बापू के ‘ग्राम स्वराज’ के सपने को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से पंचायत सरकार भवनों, सामुदायिक केंद्रों व सार्वजनिक स्थलों पर ग्रामीणों की भारी भागीदारी देखी गई। ग्राम सभाओं में स्थानीय जन प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों के आपसी तालमेल से आगामी वित्तीय वर्ष के विकास कार्यों का खाका खींचा गया।

‘जन योजना अभियान 2026-27’ के तहत “सबकी योजना, सबका विकास” की थीम पर गांव के बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़े मुद्दों पर मंथन हुआ। इस दौरान ‘विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ और मनरेगा के अंतर्गत रोजगार सृजन वाली नई योजनाओं को मंजूरी दी गई। साथ ही ‘हर घर नल का जल’ और लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की प्रगति की समीक्षा कर हर घर तक शुद्ध पेयजल और संपूर्ण स्वच्छता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

पर्यावरण संरक्षण के लिए सभाओं में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण और उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया। विशेष ग्राम सभाओं में जीविका दीदियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जहां महिला सशक्तिकरण और उनकी आय बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की गई। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी पारित प्रस्तावों को केंद्र सरकार के ‘ई-ग्राम स्वराज’ पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड करने की व्यवस्था की गई है।

इन सभाओं में बीडीओ, सीओ, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य, पंचायत सचिव, किसान सलाहकार, विकास मित्र, मनरेगा कर्मी, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights