सेल के खिलाफ बीएकेएस का हल्लाबोल: सिंटर प्लांट सीजीएम कार्यालय पर प्रदर्शन

Live ख़बर

-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

दूसरे चरण का आंदोलन शुरू, लंबित मांगों पर मौन जुलूस और आमरण अनशन की तैयारी

बोकारो, 23 सितंबर 2026। बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ (बीएकेएस) ने अपने घोषित चार चरणीय आंदोलन के दूसरे चरण के तहत सिंटर प्लांट के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में सिंटर प्लांट विभाग के कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश जताया।

सेल कॉर्पोरेट स्तर पर कर्मचारियों के 45 प्रमुख मुद्दे लंबित हैं, जबकि बोकारो इस्पात संयंत्र स्तर पर 60 से अधिक स्थानीय समस्याओं का निराकरण नहीं हो सका है। इसके अतिरिक्त वेज रिवीजन 2017, एरियर, बोनस फॉर्मूला, एनजेसीएस पुनर्गठन और ग्रेच्युटी जैसे अहम मुद्दों पर विभिन्न न्यायालयों में वाद विचाराधीन हैं।

सभा को संबोधित करते हुए यूनियन के महासचिव हरिओम ने कहा कि इस्पात मंत्रालय और सरकार की चुप्पी के कारण प्रबंधन कर्मचारियों की जायज मांगों को लटकाए हुए है। उन्होंने कर्मचारियों से एकजुट होकर सड़क पर संघर्ष करने की अपील की और आगामी मौन जुलूस व आमरण अनशन के लिए समर्थन मांगा।

वहीं बीएकेएस के अध्यक्ष दिलीप कुमार ने कंपनी के वित्तीय आंकड़ों का हवाला देते हुए प्रबंधन को घेरा। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में सेल ने 19.43 मिलियन टन क्रूड स्टील उत्पादन, 19.93 मिलियन टन बिक्री और 1,10,810 करोड़ रुपये का परिचालन राजस्व हासिल किया है। जब कंपनी रिकॉर्ड प्रदर्शन कर रही है, तो इसका लाभ श्रमिकों के बोनस, इंसेंटिव, आवास और एरियर के रूप में मिलना चाहिए।

Verified by MonsterInsights