बाढ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन का चुनाव संपन्न: अशोक बने अध्यक्ष और संजय सचिव, नई कार्यकारिणी का निर्विरोध चयन

Live ख़बर

 -लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी

14वीं त्रिवार्षिक आम सभा सह जागरूकता अभियान आयोजित, दवा कारोबारियों ने संगठन की मजबूती पर दिया बल

पटना/बाढ़, 05 अक्टूबर 2026 : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल मुख्यालय स्थित अलखनाथ रोड पर बिहार केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के ट्रस्ट भवन में 14वीं त्रिवार्षिक आम सभा सह चुनाव और जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान बाढ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का विधिवत एवं निर्विरोध निर्वाचन किया गया।

मुख्य निर्वाची पदाधिकारी कमलेश चंद्र सिंह, सहायक निर्वाची पदाधिकारी प्रेमरंजन और के.तारा ने परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि जयप्रकाश सिंह को संरक्षक, अशोक कुमार सिंह को अध्यक्ष तथा संजय कुमार को सचिव चुना गया है। इसके अलावा उमेश प्रसाद यादव को उपाध्यक्ष, राजीव रंजन कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष और राम शंकर को संयुक्त सचिव पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया।

इससे पहले कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के संरक्षक उत्पल कुमार सेन, महासचिव प्रभाकर कुमार, उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार चौरसिया, उपाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह, संगठन सचिव सत्येन्द्र कुमार, प्रशासनिक सचिव तरुण कुमार और पीआरओ कृष्ण मुरारी प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मंच का संचालन हेमंत कुमार ने किया, जबकि राजेश कुमार आर्या, राजकुमार सिंह और सत्यप्रकाश विजय ने भी अपने विचार रखे।

सम्मेलन में बाढ़, पंडारक, मोकामा, सकसोहरा, अथमलगोला, बख्तियारपुर और खुसरुपुर के दवा कारोबारियों एवं संगठन प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अतिथियों का स्वागत संरक्षक जेपी सिंह, अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह और अरुण कुमार ने किया। कार्यक्रम का संयोजन और धन्यवाद ज्ञापन नवनिर्वाचित सचिव संजय कुमार ने किया। वक्ताओं ने दवा व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं के समाधान और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights