-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
पीएल खातों की राशि का दिसंबर तक करें उपयोग वरना होगी प्रत्यर्पित, स्ट्रांग रूम का लिया जायजा
बोकारो, 05 अक्टूबर: जिले के वित्तीय संचालन और अभिलेखों के संधारण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोमवार को जिला कोषागार का विस्तृत औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोषागार के विभिन्न कक्षों, रिकॉर्ड रूम और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व व्यवस्थाओं का बारीकी से मुआयना किया और परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
मासिक लेखा पंजी के अवलोकन के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि वित्तीय कार्यों में पूरी पारदर्शिता और सतत निगरानी के लिए उप विकास आयुक्त (डीडीसी) की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति नियमित रूप से समीक्षा करे। समिति के सदस्यों को प्रतिवेदन हस्ताक्षरित रूप में अद्यतन रखने को कहा गया है। विभिन्न विभागों के पीएल खातों में जमा अप्रयुक्त राशि की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों को तुरंत पत्र जारी किया जाए; यदि दिसंबर 2026 तक निर्धारित नियमों के तहत राशि खर्च नहीं हुई, तो उसे अनिवार्य रूप से राज्य कोष में प्रत्यर्पित किया जाएगा।
पुलिस शीर्ष में पूर्व में हुई अवैध निकासी के मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए उपायुक्त ने अब तक हुई सुधारात्मक कार्रवाई का पूरा ब्योरा संचिका में दर्ज करने का आदेश दिया, ताकि वित्तीय वर्ष 2026-27 की ऑडिट टीम के समक्ष इसे रखा जा सके। वहीं लंबे समय से लंबित एसी बिलों के त्वरित समायोजन के लिए सभी आहरण एवं संवितरण पदाधिकारियों के साथ तत्काल बैठक बुलाने के निर्देश जिला कोषागार पदाधिकारी को दिए गए। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला कोषागार पदाधिकारी गुलाब चन्द उरांव, एसएओ पंकज दुबे और सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह उपस्थित रहे।
