-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
तुपकाडीह में 32 टीमों के बीच हुआ कड़ा मुकाबला, झामुमो जिला उपाध्यक्ष ने बढ़ाया ग्रामीण खिलाड़ियों का हौसला
तुपकाडीह (बोकारो), 05 अक्टूबर: तांतरी दक्षिणी पंचायत स्थित अंबेडकर नगर तुपकाडीह 10+2 श्रमिक हाई स्कूल के खेल मैदान में आयोजित पांच दिवसीय ग्रामीण फुटबॉल प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ। पांच पंचायतों के खिलाड़ियों के बीच खेले गए इस टूर्नामेंट के बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में मारी इलेवन की टीम ने ब्रदर्स क्लब बालीडीह को पेनल्टी शूटआउट में मात देकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
इस पांच दिवसीय खेल महाकुंभ में कुल 32 ग्रामीण टीमों ने हिस्सा लेकर अपने बेहतरीन खेल कौशल और अनुशासन का प्रदर्शन किया। खिताबी भिड़ंत में दोनों टीमों के बीच निर्धारित समय तक जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट के जरिए विजेता का फैसला हुआ। फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे झामुमो जिला उपाध्यक्ष मोहन मुर्मू ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी के बावजूद ग्रामीण प्रतिभाएं अपनी लगन और मेहनत से आगे बढ़ रही हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी पहचान बनाने और राज्य स्तर तक पहुंचने का बेहतर मौका मिलता है।
विशिष्ट अतिथि मुखिया गिरेंद्र मिश्रा ने कहा कि अनुशासन और खेल भावना ही किसी भी खिलाड़ी की सबसे बड़ी ताकत होती है। आयोजन समिति के सदस्य अमित दिगार ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए सबका आभार जताया और कहा कि इस प्रतियोगिता का मकसद गांव-देहात के छुपे हुए हुनर को निखारना है। इस खेल उत्सव के दौरान अंबेडकर क्लब के अध्यक्ष अनिल दिगार, पंचायत समिति सदस्य राजा राम सोरेन, पंकज मरांडी, अमित सोरेन, मोहम्मद आजाद अंसारी, सुमित, बुधन, मोहन, आरएस, राहुल और अमर सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
