-लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय
पांच दिवसीय मेले में 10 राज्यों के कारीगर लेंगे भाग, महिला उद्यमिता और सामाजिक कल्याण को मिलेगा बढ़ावा
रांची, 05 अक्टूबर: राजधानी के ऐतिहासिक मोराबादी मैदान में झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) की ओर से बहुप्रतीक्षित पांच दिवसीय ‘जेसोवा दिवाली मेला-2026’ का भव्य आयोजन 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक किया जाएगा। यह मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन की आधिकारिक घोषणा करते हुए मेले के पोस्टर और ब्रोशर का विमोचन किया गया। संस्था की ओर से स्पष्ट किया गया कि मेले से अर्जित होने वाली संपूर्ण आय का उपयोग वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान एवं कल्याणकारी योजनाओं में किया जाएगा।
मेले में गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों से आए उद्यमी व ग्रामीण शिल्पकार अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। मेले में स्वदेशी परिधान, जनजातीय व्यंजन, सोहराय, कोहवर और मधुबनी पेंटिंग के स्टॉल प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेंगे। साथ ही सरकारी योजनाओं की जानकारी, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और आगंतुकों की सुविधा के लिए मोबाइल एटीएम की व्यवस्था रहेगी। सांस्कृतिक मंच पर हर शाम ख्यातिप्राप्त कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा बच्चों और युवाओं के लिए डांस, पेंटिंग, फैंसी ड्रेस, लाइव बैंड, क्रॉलिंग बेबी प्रतियोगिता और मॉम एंड बेबी शो जैसी कई मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
संस्था की अध्यक्ष प्रीति कुमारी के नेतृत्व में जेसोवा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक नर्सरी के रूप में संवारने के अलावा राज्य के सभी जिलों में आधुनिक पुस्तकालय खोलने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। रांची के बेड़ो, लापुंग और सिमडेगा के हेरिटेज भवन में 5,000 से अधिक प्रतियोगी पुस्तकों और डिजिटल ई-संसाधनों से लैस अत्याधुनिक पुस्तकालय सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। हाल ही में ओरमांझी में लगाए गए शिविर में करीब 700 ग्रामीणों को मुफ्त इलाज व दवाएं दी गईं, वहीं वृद्धाश्रमों में बुजुर्गों की सहायता की गई। पिछले 25 वर्षों के सफल सफर के साथ जेसोवा महिला सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान की मजबूत पहचान बन चुका है।
