-लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी
नगर परिषद सभापति पवन कुमार के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब, जेसीबी से पुष्पवर्षा; गायक गुंजन सिंह ने गीतों से बांधा समां
पटना/बख्तियारपुर, 08 अक्टूबर 2026 : पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में निकाली गई ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ के तहत बख्तियारपुर पहुंचे विधायक अनंत सिंह का जोरदार अभिनंदन किया गया। बख्तियारपुर नगर परिषद के सभापति पवन कुमार के नेतृत्व में हजारों समर्थकों ने गाजे-बाजे और फूलमालाओं के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान उत्साहित समर्थकों ने जेसीबी से पुष्पवर्षा की और जमकर नारेबाजी की।
दीदारगंज से प्रारंभ होकर बख्तियारपुर तक पहुंचे इस विशाल रोड शो में आम मतदाताओं और युवाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। नगर परिषद सभापति पवन कुमार के आवास पर आयोजित अभिनंदन समारोह में भोजपुरी के लोकप्रिय गायक गुंजन सिंह ने अपनी प्रस्तुति देकर माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर पूर्व विधान पार्षद वाल्मीकि सिंह, छोटू सिंह और शंभू सिंह सहित कई प्रमुख सामाजिक व राजनीतिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अनंत सिंह ने स्नातक मतदाताओं से शिक्षित और योग्य नेतृत्व चुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं और स्नातकों की समस्याओं के समाधान के लिए डॉ. अनुज सिंह को विधान परिषद भेजना आवश्यक है। वक्ताओं ने क्षेत्र के विकास, रोजगार और शिक्षा सुधार पर जोर देते हुए जन सुराज प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। इस विशाल जनसंपर्क अभियान से बख्तियारपुर और आसपास के क्षेत्रों में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।
