बोकारो में दुकान का एस्बेस्टस तोड़कर चोरी करने वाला शातिर रवि हरी उर्फ काला गिरफ्तार, चोरी की नकदी बरामद

Live ख़बर

लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

सेक्टर-06 पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 3110 रुपये नकद बरामद, आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में

बोकारो, 08 अक्टूबर 2026 : झारखंड के बोकारो जिला अंतर्गत सेक्टर-06 थाना की पुलिस ने एक दुकान का एस्बेस्टस तोड़कर नकदी चोरी करने के मामले का सफल उद्भेदन करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के घर से चोरी किए गए 3,110 रुपये नकद भी बरामद कर विधिवत जब्त कर लिए हैं।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी बिक्रांत कुमार ने बताया कि सेक्टर-05/डी, धोबी मुहल्ला निवासी संजीत कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर सेक्टर-06 थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वादी ने शिकायत में बताया था कि धोबी मुहल्ला स्थित उनकी दुकान ‘श्री साईं जंक्शन स्टोर’ का एस्बेस्टस तोड़कर अज्ञात चोरों ने गल्ले से नकदी उड़ा ली थी। इस मामले में सेक्टर-06 थाना कांड संख्या 43/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस अनुसंधान में जुटी थी।

कांड के उद्भेदन के लिए गठित छापेमारी दल ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-05/डी, धोबी मुहल्ला निवासी रवि हरी उर्फ काला (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गहन पूछताछ के दौरान आरोपी ने दुकान में चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर उसके घर में छुपाकर रखे गए चोरी के कुल 3,110 रुपये नकद बरामद कर लिए, जिनमें 50 रुपये के 2 नोट, 20 रुपये के 31 नोट और 10 रुपये के 239 नोट शामिल हैं।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया है। छापेमारी दल में सहायक अवर निरीक्षक राम राज महतो, सअनि जैनेन्द्र कुमार सिंह, गृहरक्षक संतोष कुमार और चालक सोनू कुमार सिंह शामिल रहे।

Verified by MonsterInsights