बिहार में टीबी उन्मूलन को मिलेगी नई रफ्तार, जोश (JOSH) टीमों का हुआ शुभारंभ

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

युवाओं की भागीदारी से टीबी मुक्त भारत अभियान को मिल रही मजबूती, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े

पटना, 08 अक्टूबर 2026 : देशभर में टीबी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘खुशी अवतार ऐप’ और ‘जोश’ (JOSH – Joint Squad for Health) टीमों का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा शुरू किए गए इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में बिहार के स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस पहल का उद्देश्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी से टीबी जागरूकता और उन्मूलन अभियान को गति देना है।

बिहार में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अब तक 3.50 करोड़ से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है और 3.97 लाख टीबी मरीजों की पहचान कर उनका उपचार किया जा रहा है। राज्य के सभी 38 जिलों में जिला टीबी केंद्र, 499 एक्स-रे केंद्र और दवा भंडार की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। निक्षय पोषण योजना के तहत पात्र मरीजों को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता दी जा रही है, जबकि निक्षय मित्रों के सहयोग से लगभग 66 हजार फूड बास्केट का वितरण किया गया है। इन ठोस प्रयासों से राज्य में टीबी के खिलाफ जंग को बड़ा संबल मिला है।

राज्य के सभी प्रखंडों में युवाओं के नेतृत्व में सामुदायिक स्तर पर टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जोश (JOSH) टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में प्रत्येक प्रखंड के लिए एक वरीय पदाधिकारी, ग्राम भारत मॉडल पंचायतों के प्रतिनिधि और एनसीसी सदस्य शामिल हैं। पहले चरण में कटिहार, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज और शिवहर जिलों में ये टीमें ब्लॉक और वार्ड स्तर पर घर-घर जाकर लोगों को टीबी के लक्षणों, बचाव और उपचार के बारे में जागरूक करेंगी। इस अभियान में एनसीसी कैडेट्स, माय भारत के वॉलंटियर्स, एनएसएस, रेडक्रॉस और टीबी विजेता भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Verified by MonsterInsights