बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में रोगी कल्याण समिति की बैठक: 2 अनुपस्थित डॉक्टरों का वेतन रोकने की अनुशंसा

Live ख़बर

–एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

एसडीएम कृष्णा जोशी ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की, मरीजों को सुलभ इलाज, दवा, पौष्टिक भोजन और स्वच्छता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश

बाढ़ (पटना), 28 सितम्बर 2026 : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में अनुमंडल स्तरीय रोगी कल्याण समिति की महत्वपूर्ण बैठक अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) कृष्णा जोशी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में समिति के सदस्य सचिव-सह-उपाधीक्षक, अस्पताल प्रबंधक तथा समिति के अन्य सभी सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान राज्य सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों को प्रदान की जा रही चिकित्सकीय सेवाओं, आवश्यक दवाओं की नियमित उपलब्धता तथा मूलभूत सुविधाओं पर बिंदुवार गहन समीक्षा की गई।

अनुमंडल पदाधिकारी कृष्णा जोशी ने अस्पताल उपाधीक्षक और प्रबंधक को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले हर मरीज को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने मरीजों को समय पर निशुल्क दवाएं वितरित करने, भर्ती मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुसार पौष्टिक व गुणवत्तापूर्ण पथ्य (भोजन) उपलब्ध कराने तथा पूरे परिसर में उच्च स्तरीय साफ-सफाई बनाए रखने के कड़े निर्देश जारी किए।

रोगी कल्याण समिति की औपचारिक बैठक संपन्न होने के तुरंत बाद अनुमंडल पदाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ड्यूटी रोस्टर के अनुसार दोपहर 02 बजे से रात्रि 08 बजे तक की शिफ्ट में तैनात दो चिकित्सक—डॉ. शामी अहमद एवं डॉ. चंदन कुमार बिना किसी पूर्व सूचना अथवा सक्षम प्राधिकार की अनुमति के अपनी ड्यूटी से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित थे।

कर्तव्य में इस गंभीर लापरवाही को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम ने दोनों अनुपस्थित चिकित्सकों से स्पष्टीकरण तलब करने का आदेश दिया। साथ ही, संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त न होने तक दोनों डॉक्टरों का एक दिन का वेतन अथवा मानदेय स्थगित रखने की आधिकारिक अनुशंसा पटना के जिलाधिकारी को प्रेषित कर दी गई है। इस सख्त कदम से अस्पताल प्रशासन व स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मच गया है।

Verified by MonsterInsights