-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई, बिना लाइसेंस के चार कमरों में चल रहा था भंडारण; मौके पर मिली शराब की बोतलें
पटना, 09 अक्टूबर 2026 : राज्य औषधि नियंत्रक (बिहार, पटना) की टीम ने कंकड़बाग थाना क्षेत्र के सहयोग से पी.सी. कॉलोनी स्थित मेसर्स सेलुलस फार्मा प्राइवेट लिमिटेड (M/s Cellulas Pharma Private Limited, D-167) पर एक बड़ी औचक कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी के दौरान प्रतिष्ठान के संचालक मृत्युंजय कुमार सिंह उपस्थित मिले। जाँच के दौरान भारी अनियमितताएं पाए जाने के बाद विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए 10 औषधियों की बिक्री और निकासी पर रोक लगा दी है, जबकि दो एक्सपायर दवाइयां जब्त कर ली गई हैं।

भारी अनियमितताएं और फ्लैट का मुख्य द्वार सील
जांच टीम के अनुसार, निरीक्षण के समय प्रतिष्ठान द्वारा औषधियों के क्रय-विक्रय से जुड़े अभिलेख और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके अलावा, अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) की शर्तों के अनुरूप साइनबोर्ड भी प्रदर्शित नहीं पाया गया था और दवाओं के भंडारण की व्यवस्था पूरी तरह असंतोषजनक मिली।
सबसे बड़ी गड़बड़ी यह पाई गई कि प्रतिष्ठान के पास केवल एक कमरे (11.15 वर्ग मीटर) के लिए ही औषधि अनुज्ञप्ति थी, जबकि दवाओं का भंडारण अवैध रूप से चार कमरों में किया जा रहा था। इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए फ्लैट के मुख्य द्वार को सील कर दिया गया है।
