रांची में बंद घर से 40 लाख की भीषण चोरी: बेटी की शादी के जेवरात और नकदी समेट ले गए चोर

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय

सुखदेव नगर के पहाड़ी टोला में वारदात, परिवार के बिहार जाते ही चोरों ने बोला धावा

रांची, 9 अक्टूबर 2026: राजधानी रांची में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम देकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुखदेव नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ी टोला में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय घर के सभी सदस्य किसी निजी काम से बिहार गए हुए थे। खाली घर का फायदा उठाकर चोरों ने ताला तोड़ा और पूरे इत्मीनान से चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

इस घटना का सबसे पीड़ादायक पहलू यह रहा कि परिवार ने अपनी बेटी के विवाह के लिए वर्षों की गाढ़ी कमाई से जो सामान और गहने संजोकर रखे थे, अपराधी उन्हें भी ले उड़े। दुल्हन के लिए तैयार कराए गए जेवरात, कीमती बर्तन और शादी का अन्य सामान भी चोरी हो गया है। परिवार जब वापस लौटा, तो घर का ताला टूटा और कमरे का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही सुखदेव नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Verified by MonsterInsights