-लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय
9 से 15 अक्टूबर तक मनाया जा रहा है राष्ट्रीय डाक सप्ताह, डिजिटल साक्षरता और वित्तीय समावेशन पर रहेगा विशेष जोर
रांची, 09 अक्टूबर 2026 : भारतीय डाक विभाग की ओर से राष्ट्रीय डाक सप्ताह की शुरुआत हो गई है। 9 से 15 अक्टूबर 2026 तक मनाए जा रहे इस सप्ताह के दौरान झारखंड में जन-जागरूकता, वित्तीय समावेशन, डिजिटल साक्षरता और डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को विश्व डाक दिवस के अवसर पर झारखंड परिमंडल के निदेशक मुख्यालय द्वारा स्वच्छता विषय पर एक विशेष आवरण (Special Cover) का विमोचन किया गया।
डाक विभाग की ओर से जारी इस विशेष आवरण का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। विभाग ने इसके माध्यम से स्वच्छता को एक सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संदेश दिया है।
पारंपरिक सेवाओं के साथ आधुनिक तकनीक पर जोर
राष्ट्रीय डाक सप्ताह के दौरान डाक विभाग की पारंपरिक सेवाओं के साथ-साथ आधुनिक तकनीक, डिजिटल सेवाओं, ई-कॉमर्स और अत्याधुनिक लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता तक नागरिक-केंद्रित सेवाओं की पहुंच को और आसान बनाना तथा डाक विभाग को तकनीक के अनुकूल ढालना है।
सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम
- 09 अक्टूबर: विश्व डाक दिवस एवं स्वच्छता विषय पर विशेष आवरण का विमोचन।
- 12 अक्टूबर: डाक टिकट संग्रहण आनंद दिवस (इस दिन रांची में ‘रिफॉर्म उत्सव’ का आयोजन)।
- 13 अक्टूबर: वित्तीय समावेशन एवं नागरिक-केंद्रित सेवा दिवस।
- 14 अक्टूबर: डाक एवं पार्सल दिवस (इस दिन चाईबासा में ‘रिफॉर्म उत्सव’ का आयोजन)।
- 15 अक्टूबर: प्रौद्योगिकी एवं नवाचार दिवस।
रांची और चाईबासा में होगा ‘रिफॉर्म उत्सव’
राष्ट्रीय डाक सप्ताह के तहत 12 अक्टूबर को रांची और 14 अक्टूबर को चाईबासा में ‘रिफॉर्म उत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से डाक विभाग द्वारा किए गए तकनीकी विकास, शुरू की गई नई सेवाओं और नए उत्पादों की विस्तृत जानकारी आम जनता को दी जाएगी।
डाक विभाग का यह अनूठा आयोजन नागरिकों के साथ अपने जुड़ाव को मजबूत करने, आधुनिक सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण पहल है।
