रांची नगर निगम में 15 अक्टूबर से हड़ताल का एलान: 2,000 सफाई कर्मी होंगे शामिल, पूजा में सफाई व्यवस्था पर संकट

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय

8 सूत्री मांगों को लेकर 12 अक्टूबर को जयपाल सिंह स्टेडियम में जुटेंगे कर्मचारी, सीटू ने किया समर्थन

रांची, 11 अक्टूबर 2026: राजधानी रांची में दुर्गा पूजा के त्योहार से ठीक पहले सफाई व्यवस्था चरमराने की आशंका गहरा गई है। रांची नगर निगम के सफाई कर्मियों, एमटीएस और अन्य कर्मचारियों ने अपनी 8 सूत्री मांगों को लेकर 15 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। हटिया मजदूर यूनियन (सीटू) के समर्थन से होने वाली इस हड़ताल में लगभग दो हजार सफाई कर्मी शामिल होंगे, जिससे आगामी त्योहार के दौरान पूरे शहर की स्वच्छता और कचरा उठाव कार्य बुरी तरह प्रभावित हो सकता है।

हड़ताल की औपचारिक रूपरेखा तैयार करने और सामूहिक घोषणा के उद्देश्य से 12 अक्टूबर को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में एक विशाल महासम्मेलन का आयोजन किया गया है। नगर निगम के सैकड़ों सफाई कर्मचारी स्टेडियम में एकत्रित होकर एकजुटता दिखाएंगे और वहीं से अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन का बिगुल फूकेंगे। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर निगम प्रशासन और सरकार से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन लगातार अनदेखी के चलते अब हड़ताल पर जाने के अलावा कोई अन्य रास्ता नहीं बचा है। पूजा से ठीक पहले सफाई कर्मियों के इस कड़े रुख से नगर निगम प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं।

Verified by MonsterInsights