लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर राजद ने किया नमन: ‘संपूर्ण क्रांति’ के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय

बोकारो के बाघरायबेड़ा में श्रद्धांजलि सभा, नेताओं ने कहा-मौजूदा दौर में जेपी के विचारों की सख्त जरूरत

बोकारो, 11 अक्टूबर 2026: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से रविवार को बाघरायबेड़ा (सतनपुर) में स्वतंत्रता सेनानी और जननायक लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व झारखंड प्रदेश राजद महासचिव बहादुर सिंह यादव ने किया, जबकि अध्यक्षता राजद अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामलाल राम ने की।

समारोह को संबोधित करते हुए बहादुर सिंह यादव ने कहा कि 1974 में लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने देश से भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और कुशासन मिटाने के लिए संपूर्ण क्रांति का आह्वान किया था। उस ऐतिहासिक जनआंदोलन की बदौलत ही 1977 में सत्ता परिवर्तन संभव हो सका था। उन्होंने कहा कि आज भी देश में तानाशाही नीतियां, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर हैं, जिनसे निपटने के लिए जेपी जैसी दूरदर्शी और मजबूत सोच की आवश्यकता है।

युवा राजद के पूर्व जिलाध्यक्ष अरशद अली ने कहा कि जेपी ने अपने जीवन में कभी सत्ता की चाह नहीं रखी और आजीवन व्यक्तिगत स्वतंत्रता व सामाजिक समानता के पक्षधर बने रहे। समारोह के अंत में कार्यकर्ताओं ने उनके बताए सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर धनजी सिंह यादव, विजय सिंह यादव, वशिष्ठ यादव, हरिशंकर सिंह, सुरेंद्र चौधरी, दिनेश कुमार सिंह, वसीर अंसारी, अबूल खैर, वीरेंद्र रजक, जितेंद्र सिंह और हाजी हसन इमाम सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights