–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण, गुणवत्ता और सुरक्षा के दिए कड़े निर्देश
पटना, 11 अक्टूबर 2026: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को नेहरू पथ पर चल रहे पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इनकम टैक्स गोलंबर, हाईकोर्ट चौराहा और हनुमान मंदिर के पास पहुंचकर कार्य की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पटना मेट्रो रेल परियोजना का निर्माण कार्य वर्ष 2028 तक हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने परियोजना के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जेडी विमेंस कॉलेज तथा हाईकोर्ट चौराहा-बिहार म्यूजियम के पास नेहरू पथ पर दो नए फुट ओवरब्रिज बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेट्रो निर्माण के दौरान आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए व्यवस्थित और समन्वित तरीके से कार्य होना चाहिए। निर्माण स्थलों के आसपास यातायात प्रबंधन, सुगम आवागमन और लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए, ताकि दैनिक जनजीवन प्रभावित न हो। उन्होंने संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विज्ञान व तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पटना मेट्रो के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
