– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
पहली बार पूरी आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन, 30 कंपनियों ने लिया भाग, युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए किया गया प्रेरित
मुजफ्फरपुर, 31 जुलाई। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार (पटना) के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, मुजफ्फरपुर द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), मुजफ्फरपुर परिसर में एक दिवसीय जिला स्तरीय “नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला” का सफल आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में रोजगार के इच्छुक युवाओं ने भाग लिया, जिसमें विभिन्न कंपनियों द्वारा 500 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी कुमार गौरव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उप निदेशक (नियोजन) अश्वजीत पराशर, राजकीय आईटीआई के प्राचार्य परमेश पराशर, सहायक निदेशक (नियोजन) जैनेन्द्र कुमार, नियोजन पदाधिकारी शिखा राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस वर्ष के नियोजन मेले की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि मुजफ्फरपुर में पहली बार नौकरी के लिए आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपन्न कराई गई। इस पहल से आवेदन प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनी तथा अभ्यर्थियों और नियोजकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ।

मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 30 प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोक्ताओं ने भाग लिया। इसके अलावा श्रम विभाग, उद्योग विभाग, जन शिक्षण संस्थान तथा आर-सेटी, मुजफ्फरपुर सहित विभिन्न विभागों ने भी अपने स्टॉल लगाकर युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी।
रोजगार के इच्छुक युवाओं ने विभिन्न कंपनियों के समक्ष अपना बायोडाटा प्रस्तुत किया। चयन प्रक्रिया के दौरान विभिन्न पदों के लिए 500 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जिससे अनेक युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त हुए।
सहायक निदेशक (नियोजन) जैनेन्द्र कुमार ने स्वागत भाषण में युवाओं से सरकारी योजनाओं के माध्यम से ऋण सुविधा प्राप्त कर स्वरोजगार अपनाने तथा रोजगार सेतु पोर्टल पर पंजीकरण कर निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि नियोजन मेले युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से बदलती औद्योगिक एवं तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कौशल का निरंतर विकास करने तथा उपलब्ध रोजगार अवसरों का अधिकतम लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य स्थानीय युवाओं और नियोक्ताओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना, रोजगार के अवसरों का विस्तार करना तथा कौशल आधारित रोजगार को बढ़ावा देना है। युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी और विभिन्न कंपनियों की सक्रिय उपस्थिति से यह नियोजन मेला सफल एवं प्रभावी साबित हुआ।

