बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे मुख्यमंत्री, राहत शिविरों का किया निरीक्षण

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

हाजीपुर और सोनपुर में बाढ़ राहत शिविरों का लिया जायजा, प्रभावित लोगों से की बातचीत; मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की सहायता

वैशाली, 9 सितंबर 2026: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली एवं सारण जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हाजीपुर एवं सोनपुर में संचालित बाढ़ राहत शिविरों का गत दिनों निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राहत शिविरों में रह रहे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राहत शिविर में लोगों को स्वयं भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। उन्होंने आंगनबाड़ी एवं शैक्षणिक शिविरों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों और खान-पान के बारे में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्वास्थ्य शिविरों में त्वरित इलाज सुनिश्चित करने तथा पशु चिकित्सा शिविरों में पर्याप्त दवाओं और पशु चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बाढ़ में डूबने से हुई मृत्यु के मामलों में मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि फसल क्षति का आकलन कर प्रभावित किसानों को समुचित मुआवजा दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता के साथ आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के अलावा बिहार के अन्य आला अधिकारी भी मौजूद थे।

Verified by MonsterInsights