–लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय
कांके रिंग रोड इलाके में सनसनीखेज वारदात, डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी, पेट्रोल पंप फायरिंग के बाद दूसरी बड़ी घटना
रांची, 13 अक्टूबर 2026: राजधानी रांची में बेखौफ अपराधियों ने सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। ताजा मामला कांके थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड इलाके का है, जहां हथियारबंद अपराधियों ने कृषि विभाग में कार्यरत रामाशंकर प्रसाद के तीन मंजिला मकान को निशाना बनाया। बीती रात करीब पांच की संख्या में आए हथियारबंद अपराधी जबरन घर में दाखिल हुए और पूरे परिवार को बंधक बनाकर घर में रखे लाखों के कीमती जेवरात व नकदी लूटकर आसानी से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कांके थाना पुलिस, टेक्निकल सेल और डॉग स्क्वॉयड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सघन जांच शुरू कर दी। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अपराधियों के सुराग जुटाने में लगी है। उल्लेखनीय है कि इस वारदात से ठीक पहले रविवार की रात इसी थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के बाहर अपराधियों ने चार राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। उस मामले की गुत्थी अभी सुलझ भी नहीं पाई थी कि इस दूसरी बड़ी डकैती ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

