ब्रजमोहन राम की राज्यपाल पद पर नियुक्ति झारखंड और दलित समाज के लिए ऐतिहासिक गौरव

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय

पलामू के पूर्व सांसद को मिला ओडिशा का दायित्व, भाजपा में ही साधारण कार्यकर्ता पहुंच सकता है शीर्ष पर

रांची, 13 अक्टूबर 2026: पलामू से तीन बार सांसद और पूर्व विधायक रहे वरिष्ठ भाजपा नेता ब्रजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल बनाए जाने पर प्रदेश भाजपा में हर्ष की लहर है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे झारखंड और विशेष रूप से दलित समाज के लिए ऐतिहासिक व गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर राज्य को यह सुखद समाचार मिला है, जो जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं के प्रति पार्टी की अटूट निष्ठा को दर्शाता है।

अमर कुमार बाउरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है कि समाज के अंतिम पायदान से आने वाला एक निष्ठावान कार्यकर्ता सर्वोच्च संवैधानिक पदों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के संविधान की मूल भावना को धरातल पर उतारते हुए वंचित, पिछड़े और दलित वर्ग को वास्तविक प्रतिनिधित्व दिया जा रहा है।

कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि दशकों तक दलितों को केवल वोट बैंक समझने वाली कांग्रेस को भाजपा से सीखना चाहिए कि सामाजिक न्याय का सच्चा अर्थ क्या होता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वंचित समाज को सम्मान, अवसर और नेतृत्व मिला है। उन्होंने कहा कि यह फैसला युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देगा। अंत में उन्होंने भगवान जगन्नाथ से नवनियुक्त राज्यपाल के उत्तम स्वास्थ्य और सफल कार्यकाल की मंगलकामना की।

Verified by MonsterInsights