आईसीएआई रांची शाखा में सीए पाठ्यक्रम में बदलावों पर आउटरीच कार्यक्रम: विशेषज्ञों और छात्रों से लिए गए सुझाव

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय

बदलते व्यावसायिक परिवेश के अनुरूप कोर्स को अधिक व्यावहारिक बनाने की पहल, तीनों स्तरों के पाठ्यक्रम पर हुआ मंथन

रांची, 13 अक्टूबर 2026: दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की रांची शाखा द्वारा आईसीएआई भवन में सीए पाठ्यक्रम में प्रस्तावित बदलावों को लेकर एक विशेष आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आईसीएआई की कमिटी फॉर रिव्यू ऑफ एजुकेशन एंड ट्रेनिंग के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स, शिक्षाविदों और सीए फाइनल के विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अनीश जैन ने कहा कि तेजी से बदलते आर्थिक और व्यावसायिक परिवेश के अनुसार सीए पाठ्यक्रम को समयानुकूल और व्यावहारिक बनाना बेहद जरूरी है। इस आउटरीच कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सभी संबंधित पक्षों के विचार जानकर कोर्स को अधिक रोजगारोन्मुखी और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप ढालना है। उन्होंने कहा कि अनुभवी पेशेवरों और छात्रों के जमीनी सुझाव पाठ्यक्रम की गुणवत्ता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

बैठक के दौरान सीए पाठ्यक्रम के तीनों चरणों फाउंडेशन, इंटरमीडिएट और फाइनल के साथ-साथ आईटी प्रशिक्षण और सॉफ्ट स्किल्स ट्रेनिंग में जरूरी सुधारों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। इस मौके पर रांची शाखा के उपाध्यक्ष सीए विवेक खोवाल, सचिव सीए दिलीप कुमार, सीए स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए हरेन्दर भारती और आईटी फैकल्टी सीए सुभद्रा कुमारी ने भी अपने विचार रखे। वहीं कोल इंडिया के पूर्व मुख्य वित्तीय अधिकारी सीए सुनील मेहता ने सार्वजनिक उपक्रमों और कॉरपोरेट कंपनियों की अनिवार्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सीए पाठ्यक्रम में नए विषय व कौशल जोड़ने पर विशेष सुझाव दिए।

Verified by MonsterInsights