झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में उमड़ा उत्साह: 8.37 लाख से अधिक नए वोटरों ने किया आवेदन

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय

नाम जोड़ने, हटाने और सुधार के लिए 31 अक्टूबर तक का मौका, 30 नवंबर 2026 को प्रकाशित होगी अंतिम सूची

रांची, 17 अक्टूबर 2026: झारखंड में मतदाता सूची को अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत नए मतदाता बनने को लेकर नागरिकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से 17 अक्टूबर को जारी आधिकारिक बुलेटिन के अनुसार, राज्य में नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए आवेदन करने वालों का आंकड़ा 8.37 लाख के पार पहुंच गया है। वहीं, मतदाता सूची से मृत अथवा स्थानांतरित व्यक्तियों के नाम हटाने के लिए अब तक 21,692 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, मतदाता सूची में नए नाम दर्ज कराने, अवांछित प्रविष्टियों को हटवाने, त्रुटियों में सुधार कराने तथा स्थानांतरण के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसके बाद सभी प्राप्त दावों और आपत्तियों की जांच व निस्तारण कर झारखंड की अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर 2026 को सार्वजनिक रूप से प्रकाशित की जाएगी। निर्वाचन कार्यालय ने सभी पात्र नागरिकों से समय सीमा समाप्त होने से पूर्व अपने संबंधित बीएलओ अथवा ऑनलाइन माध्यम से आवेदन सुनिश्चित करने की अपील की है ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

Verified by MonsterInsights