बीपीएससी टॉपर से आईपीएस तक का सफर: राकेश कुमार को डीजीपी ने लगाया आईपीएस का बैज

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

बिहार पुलिस के 14 अफसरों की हुई पिपिंग सेरेमनी, गृह मंत्री के पदक से सम्मानित हो चुके हैं राकेश कुमार

पटना, 17 अक्टूबर 2026: बिहार पुलिस सेवा से प्रोन्नत होकर भारतीय पुलिस सेवा में शामिल हुए 14 अधिकारियों के लिए पुलिस मुख्यालय में भव्य पिपिंग सेरेमनी आयोजित की गई। इस गरिमामय समारोह में बिहार के डीजीपी ने तेजतर्रार पुलिस अधिकारी राकेश कुमार के कंधों पर आईपीएस का प्रतीक चिन्ह लगाकर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर को राकेश कुमार ने अपनी सेवा का सबसे गौरवपूर्ण और यादगार पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन, दिवंगत पिता की प्रेरणा, मां के संघर्षों और परिवार के सहयोग का प्रतिफल है।

47वीं बीपीएससी परीक्षा के टॉपर रहे राकेश कुमार का पुलिस सेवा में करियर उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने वर्ष 2009 में नालंदा में प्रोबेशनरी डीएसपी के रूप में अपनी यात्रा शुरू की थी। इसके बाद 2011 में गया के सिटी डीएसपी रहते हुए उन्होंने चर्चित गोलू अपहरण कांड सहित कई हाई-प्रोफाइल मामलों का सफल खुलासा किया। वे कटिहार सदर, सीतामढ़ी, खड़गपुर, लखीसराय, बाढ़ और स्पेशल टास्क फोर्स में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

शिवहर में पदस्थापना के दौरान एक मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म और हत्या के सनसनीखेज मामले के उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए उन्हें वर्ष 2023 में केंद्रीय गृह मंत्री के पदक से सम्मानित किया गया था। वर्तमान में डुमरांव स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल-4 और 18 के कमांडेंट पद पर कार्यरत राकेश कुमार ने आईपीएस के रूप में पदोन्नति के बाद नई ऊर्जा के साथ जनसेवा और न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

Verified by MonsterInsights